राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games 2022) की शुरुआत 28 जुलाई से होने जा रही है और इससे ठीक पहले यह खबर सामने आई है। जिससे भारत की पदक की उम्मीदों को बहुत बड़ा झटका लगा है। नीरज ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2018 में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था और इस साल वह अपने पदक को डिफेंड करने वाले थे। लेकिन, अब ऐसा नहीं हो सकेगा।
हाल ही में सम्पन्न हुई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत की झोली में रजत पदक डालने वाले नीरज चोपड़ा ने राष्ट्रमंडल खेलों से अपना नाम वापस ले लिया है। खबर है कि नीरज एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान घायल हो गए थे। जिसकी पुष्टी स्वयं भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के महासचिव राजीव मेहता ने की है।
राजीव मेहता ने बताया- मुझे आज सुबह भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा सूचित किया गया कि नीरज 100 प्रतिशत फिट नहीं हैं। उन्हें ग्रोइन इंजरी है और स्कैन के बाद उन्हें एक महीने के लिए आराम करने के लिए कहा गया है। नतीजतन, वह राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा नहीं लेंगे।
राजीव मेहता
फाइनल में लगी थी चोट
एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा को प्रतियोगिता के फाइनल के दौरान यह चोट लगी थी। नीरज को फाइनल के दौरान ही अपनी जांघ पर पट्टी लपेटते हुए देखा गया था। हालांकि उनके कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भाग लेने की उम्मीदें बरकरार थी। लेकिन अब उसी चोट के कारण उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया है और अब नीरज चोपड़ा राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेते नजर नहीं आऐंगे।

यही नहीं 24 वर्षीय नीरज को राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह के लिए भारत का ध्वजवाहक भी चुना गया था। अपने देश का ध्वजवाहक होना किसी भी एथलीट के लिए बहुत गौरव की बात है।

चोट लगने पर नीरज का बयान
नीरज ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के बाद कहा था- चौथे थ्रो के बाद मुझे जांघ में असहज महसूस हो रहा था। चौथे थ्रो के बाद मैं उतना जोर नहीं लगा पा रहा था, जितना मैं चाहता था। नीरज के इस बयान ने सभी देशवासियों की चिंता बढ़ा दी थी।
नीरज चोपड़ा
रोहित यादव पर मेडल दिलाने की जिम्मेदारी
कॉमनवेल्थ गेम्स में जेवलिन थ्रो का मैच पांच अगस्त को होना है और अब नीरज की गैरमौजूदगी में भारत की सारी उम्मीदें रोहित यादव पर टिकी हैं। जेवलिन थ्रो में अब रोहित यादव और डीपी मनु भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए दिखाई देंगे। वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रोहित यादव 78.72 मीटर थ्रो के साथ दसवें स्थान पर रहे थे।

चोट के चलते खतरे में था करियर
नीरज पहले भी कई बार चोटिल हो चुके हैं। 2019 में उनकी कोहनी गंभीर रूप से चोटिल हो गई थी। चोट इतनी गंभीर थी कि उनका करियर तक खतरे में आ गया था। हालांकि, नीरज ने अपनी कोहनी का ऑपरेशन कराया और उन्होंने जबरदस्त वापसी की थी और टोक्यो ओलिंपिक में देश के लिए गोल्ड मेडल भी जीता।

नीरज चोपड़ा के 10 सर्वश्रेष्ठ थ्रो (Top 10 Throws of Neeraj Chopra)
रैंक | थ्रो | प्रतियोगिता | तारीख |
---|---|---|---|
1 | 89.94मी | स्टॉकहोम डायमंड लीग 2022 | 30 जून, 2022 |
2 | 89.30मी | पावो नुरमी गेम्स (तुर्कू, फिनलैंड) | 14 जून, 2022 |
3 | 88.39मी | वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2022 (ओरेगन) – क्वालीफिकेशन | 21 जुलाई, 2022 |
4 | 88.13मी | वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2022 (ओरेगन) – फाइनल | 23 जुलाई, 2022 |
5 | 88.07मी | इंडियन ग्रां प्री 3 (पटियाला, भारत) | 5 मार्च, 2021 |
6 | 88.06मी | एशियन गेम्स 2018 (जकार्ता, इंडोनेशिया) | 27 अगस्त, 2018 |
7 | 87.86मी | ACNW लीग मीटिंग 1 (पोटचेफस्ट्रूम, दक्षिण अफ्रीका) | 28 जनवरी, 2020 |
8 | 87.80मी | फेडरेशन कप (पटियाला, भारत) | 17 मार्च, 2021 |
9 | 87.58मी | टोक्यो 2020 ओलंपिक फाइनल (जापान) | 7 अगस्त, 2021 |
10 | 87.46मी | स्टॉकहोम डायमंड लीग 2022 | 30 जून, 2022 |
यह भी पढ़ें –
- स्मृति मंधाना का जीवन परिचय
- झूलन गोस्वामी का जीवन परिचय
- क्रिकेटर दीपक हुड्डा का जीवन परिचय
- लेडी सचिन मिताली राज का जीवन परिचय